खैरागढ़. ग्राम पंचायत कटंगी कला में ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण तथा ग्रामीण स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और गांव को स्वच्छ, स्वस्थ एवं आदर्श बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता का संकल्प लिया।
ग्राम सभा को संबोधित करते हुए सरपंच जानकी बाई साहू एवं सचिव रूपलाल श्रीवास ने ग्रामीणों को स्वच्छता अभियान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वच्छ वातावरण न केवल लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करता है, बल्कि गांव के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ग्रामीणों से घर, आंगन, सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा खुले में कचरा नहीं फेंकने की अपील की गई।
बैठक के दौरान उपस्थित सभी ग्रामवासियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की शपथ ली। ग्रामीणों ने स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने तथा पंचायत के प्रयासों में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।
ग्राम सभा में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि ग्राम पंचायत कटंगी कला में जल मिशन की टंकी संचालित है तथा अधिकांश घरों तक नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। ग्रामीणों को नल-जल योजना के बेहतर उपयोग, जल की बचत तथा पेयजल स्रोतों के संरक्षण के संबंध में भी जानकारी दी गई।
इसके साथ ही ग्रामवासियों को अपने-अपने घरों में सोखता गड्ढा (सोक पिट) बनाने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि घरों से निकलने वाले अपशिष्ट जल के उचित निस्तारण के लिए सोखता गड्ढा अत्यंत उपयोगी है, जिससे जलभराव, गंदगी और मच्छरों के प्रकोप जैसी समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है। पंचायत ने ग्रामीणों से स्वच्छता और जल संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए पंचायत के साथ मिलकर गांव के विकास और जनस्वास्थ्य सुधार के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। पंचायत प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से कटंगी कला को स्वच्छ, स्वस्थ और आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा सकेगा।


