रायपुर. प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों में फैल रही अफवाहों के बीच मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने जनता से संयम बनाए रखने और भ्रामक खबरों पर ध्यान न देने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा राज्य के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति की जा रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार और ऑयल कंपनियां पूरी तरह समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं तथा प्रदेशभर में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्तमान में कहीं भी पेट्रोल या डीजल की कमी जैसी स्थिति नहीं है और आम नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार द्वारा भी सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। केंद्र सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जिससे देशभर में ईंधन आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi ने भी देशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का संग्रहण न करें।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक संदेशों और अपुष्ट खबरों से सावधान रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि जनता की सजगता, संयम और सहयोग से प्रदेश सहित पूरे देश की ईंधन व्यवस्था निर्बाध रूप से चलती रहेगी। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देते हुए राष्ट्रहित में सहयोग करने की अपील की है।


