रायपुर. भगवान शिव पर सोशल मीडिया में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस ने अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां कोर्ट के आदेश के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अब अरुण पन्नालाल 21 अगस्त तक जेल में रहेगा। यह कार्रवाई बजरंग दल एवं विभिन्न हिंदू संगठनों के विरोध और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग के बाद हुई है।
मामला सोशल मीडिया पर भगवान शिव और शिवलिंग को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। इस टिप्पणी को लेकर हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया था। मामले में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी और भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बृजेश पाण्डेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने थाना सिविल लाइन में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग की थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि फेसबुक पर हंसराज गोयल के अकाउंट से भगवान शिव के शिवलिंग और अन्य देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट की गई थी। इसी पोस्ट पर रायपुर निवासी अरुण पन्नालाल ने कथित तौर पर अशोभनीय टिप्पणी की। भाजपा नेताओं ने कहा था कि ऐसी टिप्पणियों से सनातन धर्म के अनुयायियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा धार्मिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।
मामले को लेकर बजरंग दल और हिंदू संगठनों ने भी विरोध जताते हुए आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।
भाजपा ने पुलिस से मामले में बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाली कथित गतिविधियों पर सख्ती बरतने की मांग की थी। अब मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी और न्यायिक रिमांड प्रमुख घटनाक्रम बन गया है।


