रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में शुक्रवार देर रात एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। किराए के मकान से दुर्गंध आने और कई घंटों तक परिवार के किसी सदस्य के फोन नहीं उठाने पर मकान मालिक और पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
पश्चिम जोन के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल देव शर्मा ने बताया कि मकान के अंदर परिवार के मुखिया साजिद अली उर्फ सज्जू (50) का शव छत से फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी राबिया बानो (45), बेटे इरशाद अली (20) तथा बेटियां शाहिदा बेगम (15) और इरशाबा परवीन (12) के शव कमरे के फर्श पर पड़े मिले।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि साजिद अली ने पहले पत्नी और तीनों बच्चों को किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कराया और उसके बाद स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार परिवार पिछले करीब आठ महीनों से संजय नगर स्थित किराए के मकान में रह रहा था। साजिद अली इस्तेमाल की हुई बैटरियों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक परिवार को गुरुवार शाम आखिरी बार देखा गया था, जबकि शुक्रवार पूरे दिन घर बंद रहा। जब एक अन्य किराएदार ने परिवार से संपर्क करने की कोशिश की और बार-बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, वहीं घर से दुर्गंध आने लगी, तब मकान मालिक को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया।
डीसीपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। आत्महत्या, पारिवारिक तनाव, आर्थिक कारण अथवा अन्य किसी पहलू को लेकर फिलहाल कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे रायपुर शहर को झकझोर दिया है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।





