सहसपुर लोहारा (कवर्धा). देशव्यापी जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण और क्षेत्रीय सर्वेक्षण का कार्य सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में तेजी से जारी है। 01 मई से 30 मई 2026 तक चलने वाले इस अभियान में प्रगणक घर-घर पहुंचकर सटीक आंकड़े एकत्रित कर रहे हैं। नगर के गणना ब्लॉक क्रमांक-004 में प्रगणक सुखीराम रजक “गुरुजी” द्वारा पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ यह कार्य किया जा रहा है।
श्री रजक क्षेत्र का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए ‘नजरि नक्शा’ (लेआउट मैप) तैयार कर रहे हैं और प्रत्येक मकान का व्यवस्थित रूप से सूचीकरण कर रहे हैं। आधुनिक डिजिटल माध्यमों के जरिए डेटा प्रविष्टि की जा रही है, जिससे आगामी जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाया जा सके। यह आंकड़े भविष्य में सरकारी योजनाओं की रूपरेखा तय करने और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस अभियान की खास बात यह है कि प्रगणक निर्धारित समय से आगे बढ़कर भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। सुखीराम रजक “गुरुजी” रात के 9 बजे के बाद भी अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय रहकर प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित कर रहे हैं। उनका यह समर्पण और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता प्रशासनिक व्यवस्था के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।



