खैरागढ़. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिला राजनांदगांव, एमएमसी एवं केसीजी के लिए स्वीकृत मानव संसाधन के विरुद्ध विभिन्न 20 प्रकार के रिक्त पदों पर संविदा भर्ती के लिए चयनित अभ्यर्थियों की पदस्थापना संबंधी काउंसलिंग 17 सितंबर को आयोजित की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार काउंसलिंग पद्मश्री गोविंद राम निर्मलकर ऑडिटोरियम, गौरवपथ रोड, बसंतपुर, राजनांदगांव में होगी। काउंसलिंग का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को पहले मिलेगा अवसर
काउंसलिंग में प्राथमिकता क्रम में सबसे पहले दिव्यांग अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा। इसके बाद मेरिट क्रम के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कर पदस्थापना की कार्यवाही पूरी की जाएगी।
अनुपस्थित रहे तो समाप्त होगा अवसर
सूचना में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि और समय पर अनुपस्थित रहने वाले चयनित अभ्यर्थियों का अवसर समाप्त माना जाएगा। इसके बाद उपस्थित अभ्यर्थियों द्वारा पदों एवं स्थानों का चयन किए जाने के बाद शेष रिक्त स्थानों पर पदस्थापना की कार्यवाही की जाएगी।
पदस्थापना के बाद नहीं होगा बदलाव
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि काउंसलिंग के माध्यम से पदस्थापना किए जाने के बाद किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा। ऐसे में चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर काउंसलिंग में शामिल होना होगा।
चयनित अभ्यर्थी रिक्त पदों और उपलब्ध स्थानों की जानकारी के लिए जिला राजनांदगांव की आधिकारिक वेबसाइट rajnandgaon.gov.in का अवलोकन कर सकते हैं।


