खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में विभिन्न संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस संबंध में जारी विज्ञापन के अनुसार कुल 22 कैडरों के 332 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

भर्ती प्रक्रिया राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के आर.ओ.पी. 2025-26 तथा छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर से स्वीकृत मानव संसाधन पदों के आधार पर संचालित होगी। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से यह भर्ती महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


जारी सूचना के मुताबिक इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 15 मई 2026 से 29 मई 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल निर्धारित पोर्टल https://govthealth.cg.gov.in/RecRajnandgaonCont2026
के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, पदवार विवरण, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण नियम, चयन प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन भरने से पहले विज्ञापन का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा जारी विज्ञप्ति में युवाओं से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है। स्वास्थ्य विभाग की इस भर्ती को प्रदेश में रोजगार के बड़े अवसर के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि लंबे समय बाद एक साथ बड़ी संख्या में संविदा पदों पर नियुक्तियां होने जा रही हैं।


