खैरागढ़. महाराष्ट्र के अंजन गांव से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जा रही एक अनियंत्रित माजदा (मिनी ट्रक) शनिवार सुबह खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर ग्राम संडी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे का मुख्य कारण वाहन का टायर फटना बताया जा रहा है, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। गनीमत रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, वहां से कोई अन्य वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

मोड़ पर फटा टायर, बाल-बाल बचे चालक और हेल्पर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक MH 28 BB 3398 केला लेकर बिलासपुर की ओर जा रहा था। सुबह करीब 11 बजे ग्राम संडी के पास स्थित खतरनाक मोड़ पर अचानक ट्रक का टायर फट गया। धमाका इतना तेज था कि चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रक पलट गया। वाहन में चालक और हेल्पर सवार थे, जो इस हादसे में पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्हें मामूली खरोंचें आई हैं।
मुख्य मार्ग पर लगी वाहनों की लंबी कतार
सड़क के बीचों-बीच वाहन पलटने के कारण खैरागढ़-धमधा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। सड़क का बड़ा हिस्सा जाम होने के कारण मार्ग के दोनों ओर ट्रकों और बसों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, दुपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों की आवाजाही जारी है।
पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस और यातायात विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यातायात पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर फैले मलबे और वाहन को हटाने के बाद जल्द ही सुचारू आवाजाही बहाल कर दी जाएगी। समाचार लिखे जाने तक मार्ग को पूरी तरह खोलने के प्रयास जारी थे।


