खैरागढ़/जालबांधा. जालबांधा मुख्य मार्ग के समीप शनिवार को एक हृदयविदारक हादसे में 11 केवी हाई वोल्टेज विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान ग्राम घुमर्रा निवासी बिसनाथ वर्मा (50 वर्ष), पिता मायाराम वर्मा के रूप में हुई है, जो ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिसनाथ वर्मा शनिवार को रोज की तरह ई-रिक्शा लेकर जालबांधा पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें जालबांधा स्थित चन्द्रेश हार्डवेयर से लोहे की पाइप दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम मिला। पाइप लोड करने के लिए वे ई-रिक्शा लेकर हार्डवेयर के गोदाम पहुंचे। बताया जा रहा है कि जैसे ही लोहे की पाइप उठाई गई, वह ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। संपर्क होते ही तेज करंट दौड़ गया और बिसनाथ वर्मा उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल जालबांधा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए खैरागढ़ अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि बिसनाथ वर्मा अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी असमय मृत्यु से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल और गांव में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र के लोगों में भी शोक व्याप्त हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि आबादी और व्यावसायिक क्षेत्रों से गुजरने वाली हाई वोल्टेज विद्युत लाइनों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर चेतावनी संकेत, सुरक्षित ऊंचाई और नियमित निरीक्षण की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।


