खैरागढ़. जिले में कानून व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े होने लगे हैं। बीते 15 दिनों के भीतर जिले में यह दूसरा सनसनीखेज हत्याकांड है। ताजा मामला ग्राम गाड़ाडीह का है, जहां अवैध संबंध के शक में एक बिल्डिंग ठेकेदार की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 12 घंटे के भीतर 8 लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन एक के बाद एक हुई वारदातों ने आम जनमानस में दहशत पैदा कर दी है।
क्या है पूरा मामला?

मृतक तुलाराम पटेल, पिता कार्तिक राम पटेल, उम्र 45 वर्ष, जो किल्लापारा वार्ड नंबर 11 के निवासी और पेशे से बिल्डिंग ठेकेदार थे, उनके साथ ग्राम गाड़ाडीह की एक महिला रेजा मजदूर के रूप में कार्य करती थी। ठेकेदार तुलाराम अक्सर काम के बाद महिला को उसके घर छोड़ने गाड़ाडीह जाया करते थे। 8 मार्च की शाम को भी जब वे महिला को छोड़ने गांव पहुंचे, तो वहां मौजूद आरोपियों ने उन्हें घेर लिया।
"गांव बिगाड़ रहे हो" कहकर की बेरहमी से पिटाई
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों को मृतक और महिला के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने एकराय होकर तुलाराम को रोका और उन पर चिल्लाते हुए कहा— "तुम यहाँ क्यों आते हो, गाँव को बिगाड़ रहे हो"। इसके बाद आरोपियों ने हाथ, मुक्कों और लात से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस मारपीट में तुलाराम के चेहरे और शरीर के अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
15 दिनों में दो हत्याएं: सुरक्षा पर उठते सवाल
जिले में बढ़ते अपराधों का ग्राफ अब चर्चा का विषय बन गया है।
पहली घटना: बीते 27 फरवरी को ग्राम गहिरा गोपालपुर में एक बुजुर्ग की उनके ही घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी गई थी।
दूसरी घटना: बीती रात बिल्डिंग ठेकेदार तुलाराम पटेल की हत्या।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलते ही केसीजी पुलिस हरकत में आई और थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (103(2), 190, 191) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस की टीम ने 12 घंटे के भीतर घेराबंदी कर गाड़ाडीह के रहने वाले 6 आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
कीर्तन यादव उर्फ मुन्ना (35 वर्ष)
समय यादव (45 वर्ष)
आशीष यादव उर्फ बोदू (42 वर्ष)
रूपलाल वर्मा (26 वर्ष)
पल्टन वर्मा (60 वर्ष)
पवन वर्मा (35 वर्ष)
(नोट: इनके अलावा दो नाबालिगों को भी हिरासत में लेकर सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया की जा रही है)
जिले में चर्चा: "एक तरफ पुलिस आरोपियों को पकड़ने में फुर्ती दिखा रही है, वहीं दूसरी ओर अपराधों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। गहिरा गोपालपुर की घटना के बाद अब गाड़ाडीह कांड ने पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।"
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
विवेचना के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की तत्परता की सराहना हो रही है।


