छुईखदान. जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए केसीजी पुलिस द्वारा संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना छुईखदान पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान महाराष्ट्र के नागपुर निवासी तीन संदिग्ध युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के आदेश पर उपजेल सलोनी भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई की मध्यरात्रि में नियमित रात्रि गश्त के दौरान छुईखदान नगर के सिनेमा लाइन क्षेत्र में तीन युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए मिले। पूछताछ में उनकी पहचान भोला बावनकर (38 वर्ष), निवासी इन्द्रामाता नगर, थाना यशोधरा, जिला नागपुर, रूपेश हुस्के (26 वर्ष), निवासी रामसुमेर बाबा नगर, थाना शांतिनगर, जिला नागपुर तथा यशवंत जगपात (28 वर्ष), निवासी धमादीप नगर, थाना यशोधरा, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई।
तीनों को थाना लाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने उन्हें रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमने से मना करते हुए आवश्यक समझाइश दी और गवाहों की उपस्थिति में छोड़ दिया।
हालांकि कुछ ही देर बाद टिकरीपारा स्थित मंगल भवन के पास मारपीट और विवाद की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि वही तीनों युवक अन्य लोगों के साथ विवाद और लड़ाई-झगड़े में शामिल हैं। स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने 14 जुलाई को भोला बावनकर के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 44/86/2026, रूपेश हुस्के के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 45/87/2026 तथा यशवंत जगपात के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 46/88/2026 दर्ज करते हुए धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। इसके बाद न्यायालय के आदेशानुसार तीनों आरोपियों को उपजेल सलोनी भेज दिया गया।
केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस पूरी कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका और सराहनीय योगदान रहा।


