खैरागढ़. विद्या भारती छत्तीसगढ़ प्रांत के तत्वावधान में प्रांत स्तरीय खेल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 30 अगस्त से 1 सितंबर तक खैरागढ़ में किया जाएगा। प्रतियोगिता में हैंडबॉल एवं वॉलीबॉल के मुकाबले होंगे, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 450 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर प्रेम कुमार सरस्वती शिशु/उच्चतर माध्यमिक विद्या मंदिर, खैरागढ़ (केसीजी) परिसर में विद्यालय प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन 30 अगस्त को शाम 7 बजे विद्यालय परिसर में होगा। उद्घाटन समारोह में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्या भारती छत्तीसगढ़ के प्रांत संगठन मंत्री डॉ. देवनारायण साहू करेंगे। वहीं भागवत शरण सिंह, सांसद प्रतिनिधि एवं जिला आयुक्त स्काउट/गाइड केसीजी, विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
प्रेम स्मृति शिक्षा समिति, खैरागढ़ के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, खेल मैदान सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। तीन दिवसीय आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचने वाले खिलाड़ी हैंडबॉल और वॉलीबॉल में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
विद्या भारती की खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने पर जोर दिया जाता है। खैरागढ़ में होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय परिवार और आयोजकों में खासा उत्साह है।


