छुईखदान. ग्राम भुलाटोला के पास रविवार देर शाम एक तेज रफ्तार थार ने सामने से आ रहे बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मिथलेश कुमार (24), पिता राम झूल, निवासी ग्राम कटोरी खोलवा, सूरजपुरा कवर्धा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिथलेश बाइक से उछलकर दूर जा गिरा। इसके बाद भी थार नहीं रुकी। बाइक थार के चालक की ओर के सामने वाले टायर में फंस गई और वाहन उसे करीब चार किलोमीटर तक घसीटता हुआ चलता रहा। इस दौरान सड़क से गुजर रहे कई राहगीर भी हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बचे।

जानकारी के अनुसार रविवार की शाम मिथलेश अपनी पत्नी को उसके मायके ग्राम भुलाटोला छोड़ने आया था। पत्नी को छोड़ने के बाद वह देर शाम बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान छुईखदान की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार ने राधे होंडा शोरूम के सामने उसकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
थार का टायर पंचर होने के बाद ग्राम ढीमरीन कुआं और भुलाटोला के बीच वाहन रुक गया। इसके बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने थार को घेर लिया। आक्रोशित लोगों ने वाहन में सवार चार युवकों की जमकर पिटाई की और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। घायल मिथलेश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उसके दोनों पैरों और एक हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।

बताया गया कि भिलाई निवासी सतीश पांडे, राज शर्मा, देव राव और संतोष कुमार चारों साथी सतीश पांडे की थार क्रमांक CG 07 CS 1457 से छुईखदान के रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) घूमने आए थे। वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद थार में शराब की बोतलें भी मिलीं और चारों युवकों के नशे में होने की बात कही जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल चारों युवक छुईखदान पुलिस के कब्जे में है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों, वाहन की गति, चालक की स्थिति तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।


