खैरागढ़. छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज पेश किए गए भाजपा सरकार के बजट को खैरागढ़ शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने “दिशाहीन और निराशाजनक” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट आम आदमी की जेब काटने वाला और केवल बड़े पूंजीपतियों को लाभ पहुँचाने वाला दस्तावेज़ है। उनके अनुसार आम जनता, मध्यम वर्ग, युवा और किसान वर्ग के लिए इसमें केवल खोखले वादे हैं, जबकि धरातल पर क्रियान्वयन शून्य है।
किसानों के साथ वादाखिलाफी
श्री भारद्वाज ने कहा कि कृषि उन्नत योजना के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। धान के बोनस और समर्थन मूल्य के वादों को सरकार ने पूरा नहीं किया, बल्कि तकनीकी शब्दावली में उलझा दिया। किसानों को बजट से कोई ठोस लाभ नहीं मिलेगा।
महंगाई और उपभोक्ता वस्तुएं
उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में पेट्रोल-डीजल या अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में राहत देने का कोई प्रावधान नहीं है। उनके अनुसार बजट महंगाई को और बढ़ाने वाला है और आम जनता के लिए राहत शून्य है।
खैरागढ़ की उपेक्षा
अरुण भारद्वाज ने कहा कि बजट में खैरागढ़ जिले के बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए कोई विशेष फंड आवंटित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ की जनता को उम्मीद थी कि जिले के लिए बड़ी घोषणाएं होंगी, लेकिन बजट में नए जिलों के विकास का कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है।
युवाओं और रोजगार पर चुप्पी
बेरोजगारी भत्ता और नई भर्तियों को लेकर बजट में कोई स्पष्ट योजना नहीं है। स्टार्टअप और मिशन मोड की बातें केवल कागजी हैं। युवाओं को केवल डिजिटल इंडिया के नाम पर गुमराह किया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं हैं।
महतारी वंदन योजना की आलोचना
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना में महिलाओं के लिए वृद्धि की उम्मीद थी, लेकिन प्रदेश की बड़ी आबादी निराश हुई है।
अरुण भारद्वाज ने अंत में कहा कि भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार का विकास केवल विज्ञापनों तक सीमित है। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी बजट के खिलाफ जनता के बीच जाएगी और सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी।



