खैरागढ़. जमीन संबंधी विवाद को लेकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में खैरागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी और सब्बल भी बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम मालूद निवासी मन्नूराम वर्मा (58) ने थाना खैरागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 अगस्त 2026 को जमीन संबंधी विवाद को लेकर आरोपियों ने उसके और उसके परिजनों से विवाद करते हुए गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों द्वारा टांगी और सब्बल से मारपीट करने के साथ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
रिपोर्ट पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 293/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान घायलों का शासकीय सिविल अस्पताल खैरागढ़ में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया तथा प्रार्थी, आहत और गवाहों के बयान दर्ज किए।
विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने कमल वर्मा (40), पिता मनोहर वर्मा और मनोहर वर्मा (60), पिता स्व. विसाहू वर्मा, दोनों निवासी ग्राम मालूद, थाना खैरागढ़, जिला केसीजी को 24 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा बताए गए स्थान से घटना में प्रयुक्त टांगी और सब्बल की जप्ती की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां न्यायालय ने उन्हें जेल दाखिल करने का आदेश दिया। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस की अपील: पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जमीन अथवा किसी अन्य विवाद का समाधान कानून अपने हाथ में लेकर न करें। विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा संबंधित सक्षम न्यायिक एवं प्रशासनिक माध्यम से सहायता लें।


