खैरागढ़/छुईखदान. जीवनसाथी ऐप के माध्यम से युवती से परिचय बढ़ाकर शादी का झांसा देने और निजी जानकारी व फोटो वायरल करने की धमकी देकर 1 लाख 67 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को केसीजी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी रोहित यादव (31), निवासी बिलासपुर को कोरबा से हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद 10 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।
पुलिस के अनुसार प्रार्थिया ने जून 2026 में जीवनसाथी ऐप पर अपने नाम से आईडी बनाई थी। इसी दौरान उसकी पहचान आरोपी रोहित यादव से हुई। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। बातचीत के दौरान आरोपी ने प्रार्थिया से शादी करने का झांसा दिया और विश्वास में लेकर उसकी व्यक्तिगत जानकारी एवं फोटो हासिल कर लिए।
इसके बाद आरोपी ने निजी जानकारी और फोटो वायरल करने की धमकी देकर प्रार्थिया को डराया-धमकाया तथा फोन-पे के माध्यम से 6 जुलाई 2026 को कुल 1,67,000 रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का अहसास होने के बाद प्रार्थिया ने 8 अगस्त 2026 को थाना छुईखदान में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 290/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 308(2) और 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया और उसे कोरबा से हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने 10 अगस्त को उसे विधिवत गिरफ्तार किया। कार्रवाई में छुईखदान पुलिस स्टाफ एवं साइबर सेल केसीजी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


