खैरागढ़. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले के विकास को नई दिशा देने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना को राज्य शासन से मंजूरी मिल गई है। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-04 के अंतर्गत ग्राम बागुर स्थित सुरही नदी पर एनीकट-कम-कॉजवे निर्माण के लिए 10 करोड़ 13 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना की स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों में उत्साह का माहौल है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने बताया कि जिला पंचायत चुनाव के दौरान बागुर और आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने सुरही नदी पर एनीकट निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई थी। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने इसे अपनी प्राथमिकता में शामिल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी तथा सांसद संतोष पांडे से मुलाकात कर परियोजना की आवश्यकता से अवगत कराया। इसके बाद शासन ने 10.13 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की।
सिंचाई, जल संरक्षण और आवागमन को मिलेगा लाभ
विक्रांत सिंह ने बताया कि एनीकट-कम-कॉजवे बनने से क्षेत्र में जल प्रबंधन की स्थिति में बड़ा सुधार होगा। परियोजना से लगभग 15 हेक्टेयर कृषि भूमि को प्रत्यक्ष सिंचाई सुविधा मिलेगी, वहीं आसपास के क्षेत्रों का भूजल स्तर बढ़ेगा। इसके अलावा ग्रामीणों और मवेशियों के लिए निस्तारी एवं पेयजल की उपलब्धता बेहतर होगी तथा नदी पार आवागमन भी वर्षभर सुगम हो सकेगा।
क्षेत्र में लगातार मिल रही विकास परियोजनाएं
उन्होंने बताया कि जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-04 (भूर्भुसी) का प्रतिनिधित्व संभालने के बाद से लगातार विकास कार्यों को स्वीकृति मिल रही है। वर्ष 2026-27 के बजट में भूर्भुसी और दनिया में पुलिया निर्माण तथा मुख्य मार्ग से ग्राम जोम तक सड़क निर्माण को शामिल किया गया है।
इसके अलावा उनके प्रयासों से बुन्देली में महतारी सदन, दनिया के सतनामी मोहल्ले में सीसी रोड, मजगांव में नाली निर्माण, चारभाठा, सिताडबरी और गर्रा में अवंती चौरा, जोम, सुराडबरी और बिरणपुर में शीतला मंच, मैनहर में शनि मंदिर, पथर्रा में मंच निर्माण तथा बिरणपुर में कर्मा माता मंच सहित कई विकास कार्य स्वीकृत होकर निर्माणाधीन हैं।
शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
सुरही नदी पर एनीकट-कम-कॉजवे की स्वीकृति पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद संतोष पांडे तथा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थायी विकास की मजबूत नींव साबित होगी। वहीं ग्रामीणों ने भी विश्वास जताया कि एनीकट बनने से क्षेत्र में कृषि, जल संरक्षण और आवागमन के साथ समग्र विकास को नई गति मिलेगी।


