खैरागढ़. जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठेलकाडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 47 पौवा सवा शेरा देशी प्लेन शराब जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा 8.460 बल्क लीटर तथा अनुमानित कीमत 3,760 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 को थाना ठेलकाडीह को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम ठेलकाडीह से ग्राम मरकामटोला खार की ओर सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर ग्राम मरकामटोला खार के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में उसने अपना नाम तीजू यादव (32 वर्ष), पिता मुकूंद लाल यादव, निवासी ग्राम सिंगारपुर, थाना ठेलकाडीह, जिला केसीजी बताया। पुलिस ने उसके कब्जे में मौजूद सफेद प्लास्टिक बोरी की तलाशी ली, जिसमें 47 पौवा सवा शेरा देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 8.460 बल्क लीटर निकली, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 3,760 रुपये बताई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पूरी शराब जब्त कर ली।
इस मामले में थाना ठेलकाडीह में अपराध क्रमांक 135/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 18 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त और प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।





