धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में महिला की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना अधारी नवागांव की है, जहां नहाने के बाद कपड़े सुखाने आंगन में गई संगीता साहू विद्युत तार के संपर्क में आ गईं। हादसे के बाद परिजन तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार संगीता साहू सोमवार सुबह नहाने के बाद घर के आंगन में गीले कपड़े सुखाने गई थीं। वह जिस रस्सी पर कपड़े डाल रही थीं, उसके बेहद करीब से बिजली का तार गुजर रहा था। इसी दौरान अनजाने में वह विद्युत तार के संपर्क में आ गईं और तेज करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद अधारी नवागांव में शोक का माहौल है। हादसे ने घरों के आसपास से गुजर रहे खुले और असुरक्षित बिजली तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


