खैरागढ़. नगर पालिका परिषद खैरागढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत नगर के विभिन्न वार्डों के 43 हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) वितरित किए गए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के अपने पक्के घर के सपने को साकार करने का सबसे बड़ा माध्यम बन रही है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि जीवन की सबसे मूलभूत आवश्यकताओं में रोटी, कपड़ा और मकान को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है तथा सरकार इन तीनों जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को निःशुल्क चावल, विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल ड्रेस तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्का मकान उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का जीवनभर का सपना अपना पक्का घर होता है। कार्यक्रम में 70 वर्ष से अधिक आयु के कई बुजुर्ग हितग्राहियों की उपस्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे बुजुर्गों की दुआएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को अवश्य मिलेंगी, जिनके नेतृत्व में गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विक्रांत सिंह ने हितग्राहियों को योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 2 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि चार किश्तों में प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि यदि हितग्राही 18 माह के भीतर अपना आवास पूर्ण कर लेते हैं, तो राज्य सरकार की ओर से 32 हजार 850 रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। उन्होंने सभी हितग्राहियों से समय पर निर्माण कार्य पूर्ण करने की अपील की।

इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रत्येक गरीब परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में जिन पात्र हितग्राहियों के नाम किसी कारणवश छूट गए थे, उन्हें अब दूसरे चरण में योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी के लिए शासन द्वारा तैयार प्रश्नावली भी हितग्राहियों को वितरित की गई है, जिसे भरकर शासन को भेजा जाएगा ताकि योजना के क्रियान्वयन का मूल्यांकन किया जा सके।
नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने सभी 43 हितग्राहियों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। गरीब परिवारों का सबसे बड़ा सपना अपने पक्के मकान का होता है और प्रधानमंत्री आवास योजना उस सपने को साकार करने का माध्यम बन रही है।
कार्यक्रम के दौरान राजफैमिली वार्ड के पार्षद व सभापति सुमित टांडिया ने अपने वार्ड के चार प्रधानमंत्री आवास योजना हितग्राहियों को उपहार स्वरूप छाते भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। हितग्राहियों ने इस आत्मीय पहल के लिए पार्षद के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, पांडादाह मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा, लालू गुप्ता, पार्षद अजय जैन, रूपेंद्र रजक, सुमित टांडिया, विनय देवांगन, रेखा गुप्ता, देवीन कोठले, अय्यूब सोलंकी, नंद चंद्राकर, कमलेश कोठले, अरविंद वर्मा, मनीष धीवर तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत राम वर्मा सहित नगर पालिका के पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सभी 43 पात्र हितग्राहियों को एनओसी वितरित कर शीघ्र आवास निर्माण शुरू करने के लिए शुभकामनाएं दी गईं।





