नासिक(महाराष्ट्र). महाराष्ट्र के नासिक जिले के दिंडोरी क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दिंडोरी के शिवाजी नगर में एक अनियंत्रित कार पानी से भरे गहरे कुएं में गिर गई, जिससे तीन मासूम बच्चों और दो महिलाओं सहित कुल 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
कार्यक्रम से लौटते वक्त हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक निजी क्लास के स्नेह सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार (MH15-JS-1053), जो कि Maruti Suzuki Ertiga थी, दिंडोरी के शिवाजी नगर इलाके में अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे पास स्थित गहरे कुएं में जा गिरी।
रात के अंधेरे में चला राहत-बचाव अभियान
घटना रात के समय हुई, जिससे बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ की टीम और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घंटों की मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक कार में सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी।
एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
हादसे में दरगुडे परिवार के 5 सदस्यों समेत कुल 9 लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान राखी सुनील दरगोडे, श्रद्धा अनिल दरगोडे, श्रावणी अनिल दरगोडे, सुनील दत्तु दरगोडे, उषा अनिल दरगोडे और उनके चार अन्य रिश्तेदारों के रूप में हुई है। एक ही परिवार के इतने लोगों की मौत से गांव में मातम का माहौल है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चालक का वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
क्षेत्र में शोक की लहर
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे दिंडोरी और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।


