खैरागढ़. आगामी दीपावली त्यौहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 21 अक्टूबर को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के नवागांव चंडी मंदिर क्षेत्र में स्थित मेसर्स साहू होटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटल में साफ-सफाई की कमी, कालातीत खाद्य सामग्री के विक्रय एवं भंडारण और खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था में खामियां सामने आईं। कार्रवाई के दौरान बासी होने की आशंका पर 5 किलोग्राम जलेबी तत्काल नष्ट कराई गई। वहीं, आवश्यक सुधार होने तक होटल को तत्काल प्रभाव से बंद करवाया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, निरीक्षण में खाद्य सामग्री रखने के लिए उपयोग किया जाने वाला फ्रिजर बंद मिला। इसके चलते उसमें रखी खाद्य सामग्री के खाने योग्य नहीं रहने और बासी होने की आशंका जताई गई। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 5 किलोग्राम जलेबी नष्ट कराई। इसके अलावा होटल से मिनी पेड़ा और बालूशाही के नमूने संकलित किए गए, ताकि उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा सके।

यह कार्रवाई नियंत्रक खाद्य सुरक्षा दीपक अग्रवाल और कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल शुक्ला और अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में की गई। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) दीपक घृतलहरे सहित खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम शामिल रही।
विभाग ने होटल संचालक को साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन को अद्यतन कराने के लिए भी कहा गया है। विभागीय निर्देशों के अनुसार, आवश्यक सुधार होने तक होटल को बंद रखने की कार्रवाई की गई।

दीपावली के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। त्योहार के समय उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए दुकानों एवं होटल-प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, उचित भंडारण और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी जरूरी है।


