खैरागढ़. जिले में सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविरों की श्रृंखला का अंतिम जिला स्तरीय शिविर शुक्रवार को अमलीडीहकला में संपन्न हुआ। अमलीडीहकला क्लस्टर के अंतर्गत आने वाली 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं तथा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया।

शिविर में कुल 753 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 750 मांग संबंधी और 3 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के अवलोकन से हुई, जहां ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, सुविधाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी मंच बनकर उभरा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और जनसमस्याओं के निराकरण में तेजी आई है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने और प्रशासन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की अपील की।

इस अवसर पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि जिले में आयोजित 19 समाधान शिविरों में अब तक लगभग 22 से 24 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें अधिकांश आवेदन मांग संबंधी हैं, जिन पर विभागीय स्तर पर कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है तथा लोगों की समस्याओं के समाधान में उल्लेखनीय सफलता मिली है। कलेक्टर ने यह भी जानकारी दी कि 9 जून से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के नए स्वरूप की शुरुआत होगी, जिससे नागरिकों को शिकायतों और मांगों के निराकरण में और अधिक सुविधा मिलेगी। उन्होंने सुशासन तिहार को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों के सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
विभागीय स्टॉलों में मिला योजनाओं का लाभ
समाज कल्याण विभाग ने 2 हितग्राहियों को वॉकिंग स्टिक तथा 1 हितग्राही को श्रवण यंत्र प्रदान किया। शिक्षा विभाग ने 12 विद्यार्थियों को पेन और डायरी वितरित की। मत्स्य पालन विभाग ने 2 हितग्राहियों को मछली पकड़ने का जाल और 2 हितग्राहियों को आइस बॉक्स उपलब्ध कराया। सेवा सहकारी समिति द्वारा 7 किसानों को चेक वितरित किए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने 4 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई तथा 4 हितग्राहियों को सुपोषण किट, स्वच्छता किट और फलदार पौधों का वितरण किया। उद्यानिकी विभाग ने 2 हितग्राहियों को सब्जी मिनी किट दी, जबकि कृषि विभाग ने 3 किसानों को ढेंचा बीज वितरित कर खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
स्वास्थ्य और आयुष शिविर में उमड़ी भीड़
स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयुष विभाग द्वारा आयोजित शिविर में 100 लोगों की ओपीडी जांच की गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने 150 लोगों की ओपीडी जांच, 112 लोगों का रक्तचाप परीक्षण और 112 लोगों की शुगर जांच की। नेत्र परीक्षण शिविर में 15 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 5 हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मा प्रदान किया गया। इसके अलावा 5 लोगों की आभा आईडी भी बनाई गई।
बड़ी संख्या में पहुंचे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, सभापति दिनेश वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य धम्मन साहू, जनपद सदस्य किरण विक्रम मानिकपुरी, शैलेन्द्र मिश्रा, कोमल वर्मा, गोरेलाल, चंदू वर्मा, नीलिमा गोस्वामी, महेंद्र वर्मा, मंजीत सिंधु, वरिष्ठ नागरिक आयश सिंह बोनी, बिसेसर साहू तथा ग्राम पंचायत अमलीडीहकला के सरपंच उपेश वर्मा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, एसडीएम टांकेश्वर प्रसाद साहू और जनपद पंचायत सीईओ हिमांशु गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

जिले के अंतिम जिला स्तरीय समाधान शिविर के रूप में आयोजित अमलीडीहकला शिविर में ग्रामीणों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। विभिन्न विभागों द्वारा दी गई सेवाओं और हितग्राहीमूलक योजनाओं के लाभ ने सुशासन तिहार-2026 के उद्देश्य को मजबूती प्रदान की तथा शासन-प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को और सुदृढ़ बनाया।


