खैरागढ़. शहीद आरक्षक स्वर्गीय निकेश यादव के शहादत दिवस पर रविवार को जिला पुलिस खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद की स्मृति को सम्मान देते हुए वृक्षारोपण किया गया तथा राष्ट्रसेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत खैरागढ़ के दाऊ चौरा स्थित शहीद आरक्षक निकेश यादव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके बाद थाना खैरागढ़ परिसर में उनकी स्मृति में पौधारोपण किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए शहीदों की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाए रखने का संदेश दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा (आईपीएस) ने शहीद के परिजनों का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। उन्होंने परिवार से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और भरोसा दिलाया कि केसीजी पुलिस हर परिस्थिति में शहीद परिवार के साथ खड़ी रहेगी तथा आवश्यकतानुसार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद निकेश यादव के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र एवं समाज की सेवा, जनसुरक्षा और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सदैव समर्पित रहने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, शहीद परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान शहीद के बलिदान को याद करते हुए भावुक वातावरण बना रहा और सभी ने उनके योगदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।


