खैरागढ़. दुर्ग-खैरागढ़ मार्ग पर बीती शाम करीब 7 बजे ग्राम रेंगाकठेरा में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रायपुर से मध्यप्रदेश के लांजी की ओर जा रही एक टाटा पंच (MP 14 ZD 1611) अनियंत्रित होकर रेंगाकठेरा पुल से नीचे जा गिरी।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिया के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते कार सीधे पुल के नीचे जा गिरी। हादसे के समय कार में दो लोग सवार थे। टक्कर के दौरान वाहन के एयरबैग खुल जाने से दोनों यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बच गए।
कार के नीचे गिरते ही जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और वहां से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि किसी के घायल न होने से राहत की स्थिति बनी रही।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिया के पास मोड़ और संकरी सड़क के कारण अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस घटना के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सतर्कता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।



