खैरागढ़. सरस्वती शिशु/उच्चतर माध्यमिक विद्या मंदिर, खैरागढ़ में रविवार को विद्या भारती छत्तीसगढ़ प्रांत के तत्वावधान में आयोजित प्रांत स्तरीय खेल प्रतियोगिता-2026 का भव्य उद्घाटन समारोह हुआ। 30 अगस्त से 1 सितंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में हैंडबॉल एवं वॉलीबॉल के मुकाबले होंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं क्षेत्रों से करीब 300 छात्र-छात्राएं प्रतियोगिता में शामिल हो रहे हैं। आयोजन को लेकर विद्यालय परिसर में व्यापक तैयारियां की गई हैं।

उद्घाटन समारोह में राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं भागवत शरण सिंह, प्रांतीय खेल प्रमुख दिवाकर स्वर्णकार, सरस्वती शिक्षा संस्थान के जिला प्रतिनिधि मनोहर चंदेल, जिला समन्वयक श्रीराम यादव, पूनम चंद साहू सहित प्रेम स्मृति शिक्षा समिति के अध्यक्ष मनोज गिड़िया, व्यवस्थापक प्रबल खत्री, व्यवस्थापक सदस्य अभय गिड़िया, जनपद सदस्य शैलेंद्र मिश्रा, सुमित टांडिया, राजीव चंद्राकर, प्रखर शरण सिंह, विद्यालय प्राचार्य जितेंद्र शर्मा, उत्तम दशरिया सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
तिलक और पुष्पगुच्छ से अतिथियों का स्वागत

समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। संस्था के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने अतिथियों का तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। छात्राओं ने सुमधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद प्रतियोगिता के आयोजन एवं खेल गतिविधियों की जानकारी दी गई।
शिशु मंदिर में शिक्षा के साथ संस्कार भी : पांडे
मुख्य अतिथि सांसद संतोष पांडे ने कहा कि शिशु मंदिर में केवल पढ़ाई नहीं होती, बल्कि संस्कारों के साथ शिक्षा दी जाती है। उन्होंने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस कठिन समय में भी शिशु मंदिर के शिक्षकों ने बिना वेतन के बच्चों को शिक्षा देने का कार्य किया। यह शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और सेवाभाव को दर्शाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश “जो खेलेगा वो खिलेगा” और “जो फिट है वो हिट है” का उल्लेख करते हुए खेलों के महत्व को समझाया। सांसद ने कहा कि देश के अनेक युवाओं ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों को ऐसे खिलाड़ियों से प्रेरणा लेते हुए पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन के विकास के लिए जरूरी है, लेकिन खेल भी व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राएं अब खेलकूद के क्षेत्र में भी लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
तीन दिन तक होंगे हैंडबॉल और वॉलीबॉल के मुकाबले
विद्या भारती छत्तीसगढ़ प्रांत द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में हैंडबॉल एवं वॉलीबॉल के मुकाबले होंगे। तीन दिवसीय आयोजन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे करीब 300 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों के लिए विद्यालय परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। विद्यालय प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

खैरागढ़ में आयोजित यह प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों को एक-दूसरे से सीखने और खेल भावना को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान कर रही है।


