खैरागढ़. छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2026 के अंतर्गत खैरागढ़ में विद्युत विभाग द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर व्यापक जनजागरूकता देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि यह योजना आम नागरिकों को सीधा लाभ पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू ने की, जबकि नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहीं। आयोजन का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसके बाद जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने योजनाओं की जानकारी साझा की।
मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर न केवल बिजली बिल में राहत मिल रही है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस योजना से जुड़ने की अपील की।

इस अवसर पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने विभागीय कार्यों, सौर ऊर्जा योजनाओं और उपभोक्ता हित से जुड़े प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी योजनाएं अब कागजों से निकलकर ज़मीन पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों का सम्मान भी किया गया, जिससे उपस्थित नागरिकों में उत्साह और जागरूकता का माहौल बना। कार्यक्रम में विकेश गुप्ता, विनय देवांगन, नंद चंद्राकर, रूपेंद्र रजक, कमलेश कोठले, मोनिका रजक सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और नगरवासी उपस्थित रहे।




