खैरागढ़/रायपुर. प्रदेश में साल के अंत में संभावित नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य के सभी 15 नगरीय निकायों के लिए प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी नवीन मारकंडेय ने बुधवार को प्रभारी एवं सह प्रभारियों की सूची जारी की।
भाजपा की ओर से जारी सूची में नगरीय निकायों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और चुनावी तैयारियों को मजबूत करने के लिए जिम्मेदारियां तय की गई हैं। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी स्थानीय स्तर पर संगठन को सक्रिय करने के साथ ही आगामी चुनाव के लिए रणनीति को धार देगी।
खैरागढ़ नगर पालिका के लिए लाभचंद बाफना प्रभारी
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में भी साल के अंत में नगरीय निकाय चुनाव संपन्न होने हैं। जिले की खैरागढ़ नगर पालिका परिषद के चुनाव को लेकर भाजपा ने प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। जारी सूची के अनुसार लाभचंद बाफना को खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव का प्रभारी बनाया गया है, जबकि ओमप्रकाश जोशी और किरण साहू को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा की यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रभारी और सह प्रभारी स्थानीय संगठन के साथ समन्वय कर चुनावी तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। चुनावी कार्यक्रम घोषित होने से पहले ही भाजपा द्वारा जिम्मेदारियां तय किए जाने से स्थानीय राजनीति में भी चुनावी सरगर्मी बढ़ने के संकेत हैं।
प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों के लिए भी प्रभारी-सह प्रभारियों की नियुक्ति के साथ भाजपा ने आगामी चुनाव को लेकर अपनी संगठनात्मक तैयारी का खाका स्पष्ट कर दिया है।


