छुईखदान. वीरांगना अवंती बाई शासकीय महाविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने आवाज बुलंद की है। परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडे को मांग पत्र सौंपकर महाविद्यालय के विकास हेतु आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हर्ष वर्मा, महाविद्यालय प्रमुख देवानंद यादव सहित सुमित जैन, महादेव तिवारी, प्रवीण मेश्राम, मोहन कलार, सूरज वर्मा, नासिक जंगल, अमित नारकर, केशव, आशीष जंघेल और धर्मेन्द्र ठाकरे मौजूद रहे।
शैक्षणिक विस्तार से लेकर मूलभूत सुविधाओं तक उठाई गई मांगें
अभाविप ने अपने मांग पत्र में महाविद्यालय के समग्र विकास से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को सामने रखा। इनमें हिंदी साहित्य, इतिहास और राजनीतिक विज्ञान विषयों में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की मांग प्रमुख रही, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।
इसके अलावा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर भुगतान सुनिश्चित करने, रिक्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने की मांग भी उठाई गई।
छात्र हितों से जुड़ी सुविधाओं पर जोर
दूरस्थ अंचलों से आने वाले विद्यार्थियों की समस्याओं को देखते हुए छात्रावास में सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई। साथ ही महाविद्यालय परिसर में पेयजल सुविधा के लिए वाटर कूलर उपलब्ध कराने और वाणिज्य विभाग के जर्जर भवनों के जीर्णोद्धार की आवश्यकता भी बताई गई।
समग्र विकास की मांग
अभाविप का कहना है कि इन मांगों के पूर्ण होने से महाविद्यालय में शिक्षा का स्तर सुधरेगा और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। परिषद ने उम्मीद जताई है कि सांसद स्तर से इस दिशा में आवश्यक पहल की

