खैरागढ़/छुईखदान. जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घिरघोली में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहरी हिस्से में सड़क किनारे दो संदिग्ध बंद बॉक्स पड़े मिले। सुबह टहलने निकले कुछ ग्रामीणों की नजर जैसे ही इन बॉक्सों पर पड़ी, पूरे गांव में खबर तेजी से फैल गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

ग्रामीणों के मुताबिक दोनों बॉक्स सुनसान जगह पर बंद हालत में रखे हुए थे, जिससे लोगों के मन में शंका पैदा हो गई। किसी ने इसे तांत्रिक क्रिया से जोड़कर देखा तो कुछ लोगों ने टोना-टोटका होने की आशंका जताई। गांव में अंधविश्वास और रहस्य को लेकर माहौल गर्माने लगा। कई ग्रामीण बॉक्स के पास जाने से भी डरते नजर आए।

स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना छुईखदान थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में सावधानीपूर्वक दोनों बॉक्स खोले गए। बॉक्स खुलते ही वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। अंदर चूड़ी, साड़ी, चावल, नारियल, नींबू समेत पूजा-पाठ और पारंपरिक अनुष्ठानों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री रखी हुई थी।

सामग्री मिलने के बाद गांव में टोना-टोटका और तांत्रिक गतिविधियों को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं। हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और मामले को अंधविश्वास से न जोड़ने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला किसी धार्मिक या पारंपरिक क्रिया से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन बॉक्स वहां किसने और किस उद्देश्य से रखे, इसकी जांच की जा रही है।
इधर, घटना का वीडियो किसी ग्रामीण ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के गांवों में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कई लोग इसे रहस्यमयी घटना बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे अंधविश्वास फैलाने की कोशिश मान रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, घिरघोली गांव में दिनभर इस रहस्यमयी बॉक्स की चर्चा होती रही और लोग घटना को लेकर अलग-अलग कयास लगाते नजर आए।


