खैरागढ़. सर्किल लोधी समाज पांडादाह द्वारा शनिवार को मां करेला भवानी में समाज भवन निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह भवन समाजसेवी भरत वर्मा एवं स्वर्गीय विजय वर्मा द्वारा समाज को दान स्वरूप प्रदान की गई भूमि पर बनाया जा रहा है। भवन निर्माण की शुरुआत धार्मिक विधि-विधान और श्रीफल फोड़कर की गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 06 पांडादाह के जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि विभाग सभापति दिनेश वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ सर्किल पांडादाह के अध्यक्ष बालमुकुंद वर्मा, मंडल अध्यक्ष पांडादाह गोरेलाल वर्मा, प्रधान कलाराम वर्मा, ठेकेदार नंद किशोर जंघेल सहित समाज के कार्यकारिणी सदस्य और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा ने समाज भवन निर्माण के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का समाजजनों ने तालियों के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज भवन बनने से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी तथा समाज को एक स्थायी मंच प्राप्त होगा।
सर्किल लोधी समाज पांडादाह के पदाधिकारियों ने भवन निर्माण में सहयोग और आर्थिक सहायता की घोषणा के लिए दिनेश वर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योगदान समाज के विकास और एकजुटता को नई दिशा देगा। समारोह के दौरान समाज के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


