खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के विकासखंड छुईखदान अंतर्गत ग्राम पंचायत भावे और समुंदपानी में शनिवार को आयोजित आधार सेवा शिविर ने ग्रामीणों को बड़ी राहत दी। प्रशासन की इस पहल के तहत गांवों में ही आधार से जुड़ी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे लोगों को दूरस्थ केंद्रों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली।

शिविर में ग्राम भावे से 13 और समुंदपानी से 31 हितग्राहियों ने पहुंचकर विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया। आधार ऑपरेटर द्वारा नए आधार कार्ड बनाने के साथ-साथ पहले से बने कार्डों में नाम, पता, मोबाइल नंबर जैसे विवरणों का अद्यतन और अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट का कार्य भी किया गया। इसके अतिरिक्त पात्र ग्रामीणों के आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

प्रशासन द्वारा पंचायत स्तर पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना और ग्रामीणों को सुगमता प्रदान करना रहा। स्थानीय स्तर पर सेवाएं उपलब्ध होने से न केवल समय की बचत हुई, बल्कि आवागमन में होने वाले खर्च से भी ग्रामीणों को राहत मिली।
शिविर में शामिल ग्रामीणों ने इसे अत्यंत उपयोगी पहल बताते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं तो गांवों में रहने वाले लोगों को योजनाओं का लाभ तेजी से और बिना किसी परेशानी के मिल सकेगा।
प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के जनसुविधा शिविरों से शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होता है और ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलता है।


