खैरागढ़. शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “नगर पालिका का पोल खोल अभियान” के तहत शहर के नया बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। निरीक्षण के दौरान प्रतीक्षालय परिसर में शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल गिलास, पानी पाउच, चिलम पीने का पाइप समेत कई आपत्तिजनक सामग्री मिली, जिस पर कांग्रेस ने नगर पालिका प्रशासन और भाजपा सरकार को घेरा।

निरीक्षण के दौरान प्रतीक्षालय परिसर में शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल गिलास, पानी पाउच, चिलम पीने का पाइप जैसी आपत्तिजनक सामग्री पाई गई। इतना ही नहीं, यात्रियों के बैठने की जगह पर मवेशी बैठे मिले और चारों ओर गोबर व मल-मूत्र की बदबू का वातावरण देखा गया। टूटी कुर्सियां, पीने के पानी की अनुपलब्धता और फैली गंदगी ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।


डॉ. अरुण भारद्वाज ने आरोप लगाया कि यात्रियों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं है, कुर्सियां टूटी हुई हैं और पीने के पानी की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। चारों ओर फैली गंदगी और बदबू से यात्रियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि शाम होते ही प्रतीक्षालय नशाखोरी का अड्डा बन जाता है, जो पुलिस और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाता है।

विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि सरकार एक ओर नशामुक्त भारत की बात करती है, वहीं सार्वजनिक स्थानों पर नशे से जुड़ी सामग्री मिलना कथनी-करनी के अंतर को दर्शाता है। उन्होंने यह भी बताया कि लाखों रुपये की लागत से खरीदी गई जिम सामग्री पूरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ी है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि चार दिनों के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो यात्री प्रतीक्षालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल और नगर पालिका के सफाई प्रभारी टोडर सिंह भी मौजूद रहे। टोडर ने तीन दिनों में सफाई, मरम्मत और चौकीदार की नियुक्ति का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित कांग्रेसजन:

डॉ. अरुण भारद्वाज (शहर कांग्रेस अध्यक्ष), मनराखन देवांगन (विधायक प्रतिनिधि), नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, यतेंद्रजीत सिंह, रवींद्र सिंह गहरवार, पूरन सारथी, शेखर दास वैष्णव, भरत चंद्राकर, सूर्यकांत यादव, नदीम मेमन, मोहित भांडेकर, महेश यादव, रानू खान, रघुनाथ यादव, सिद्धांत सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

