छुईखदान. छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मवेशी और एक पिकअप वाहन जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹5.20 लाख आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को थाना छुईखदान क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग मवेशियों को अवैध रूप से ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक पिकअप वाहन को रोका, जिसमें चार मवेशियों को क्रूरता पूर्वक पैर और गले में रस्सी बांधकर, बिना चारा-पानी के भरा गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मवेशियों को कत्लखाने के लिए नागपुर (महाराष्ट्र) ले जाया जा रहा था।
मामले में पुलिस ने रवि यदु (32 वर्ष), निवासी हाथीडोब, थाना परपोड़ी, जिला बेमेतरा, तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को मौके से गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए मवेशियों को सुरक्षित किया गया है, जबकि पिकअप वाहन को भी कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
🔎 सख्ती से जारी है अभियान
केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता जैसे अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस तरह के अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।




