खैरागढ़. सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति आमजन में अनुशासन विकसित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस जिला केसीजी (छत्तीसगढ़) ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत एक माह तक चले व्यापक जन-जागरूकता अभियान के बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस खैरागढ़ द्वारा मुख्य टेंपो चौक पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने के 9 प्रकरण सामने आए। इन मामलों में संबंधित वाहन स्वामियों पर मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत प्रति वाहन ₹1,000 का अर्थदंड लगाया गया। इसके अलावा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने के 7 प्रकरण तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के 5 मामलों में भी कार्रवाई की गई।
कुल मिलाकर 21 प्रकरणों में ₹28,100 का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि समझाइश के बावजूद नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
यातायात पुलिस जिला केसीजी ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें, नाबालिगों को वाहन चलाने न दें और सड़क सुरक्षा में पुलिस का सहयोग करें, ताकि जान-माल की क्षति को रोका जा सके।

