खैरागढ़/छुईखदान. जिला केसीजी के छुईखदान में सराफा दुकान का शटर तोड़कर चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने पांच दिन में खुलासा कर दिया है। साइबर सेल और थाना छुईखदान की संयुक्त टीम ने मामले में तीन आरोपियों महेन्द्र साहू (26), अक्षय गुरूवे (21) और अनिकेत मेश्राम (25) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 22 किलो 600 ग्राम चांदी, 3 ग्राम सोना और वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा सहित कुल करीब 44 लाख 75 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार छुईखदान के वार्ड क्रमांक 08, जैन मोहल्ला निवासी 75 वर्षीय शांति लाल जैन ने 14 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 2 से 4 बजे के बीच अज्ञात आरोपियों ने उनकी दुकान में रखे पुराने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। प्रार्थी ने चोरी गए आभूषणों का वजन लगभग 20 से 25 किलो बताया था। रिपोर्ट पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों और चोरी गए माल की तलाश शुरू की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को महेन्द्र साहू पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की पूरी कहानी सामने रख दी।
शटर खराब होने की बात सुनकर बनाया चोरी का प्लान
पुलिस के मुताबिक, चोरी से पहले महेन्द्र साहू शांति लाल जैन की दुकान पर कुछ सामान लेने गया था। इसी दौरान उसने दुकान मालिक को यह कहते सुना कि दुकान के शटर में खराबी है और उसकी रिपेयरिंग करवानी है। महेन्द्र ने इसी जानकारी को चोरी की योजना का आधार बनाया। इसके बाद वह 9 अगस्त को नागपुर गया और वहां अपने साथी अक्षय गुरूवे तथा अनिकेत मेश्राम को दुकान के शटर और उसकी खराबी की जानकारी देकर चोरी की योजना बनाई।

योजना के मुताबिक अक्षय और अनिकेत 13 अगस्त को चोरी की एक्टिवा लेकर नागपुर से छुईखदान पहुंचे। दोनों ने महेन्द्र से मुलाकात की। इसके बाद तीनों लोहे की रॉड, पेचकस और चाकू लेकर रात में दुकान के पास पहुंचे। करीब 3 बजे आरोपियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। दुकान में रखे चांदी के आभूषण समेटने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
तालाब में छिपाकर रखा था चोरी का माल
वारदात के बाद आरोपियों ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को नवागांव स्थित एक तालाब में डुबाकर छिपा दिया था। इसके बाद नागपुर से आए दोनों आरोपी वापस नागपुर चले गए। पुलिस ने महेन्द्र साहू से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर तालाब में छिपाकर रखे आभूषण बरामद किए। इसके बाद नागपुर जाकर अक्षय गुरूवे और अनिकेत मेश्राम को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 किलो 600 ग्राम चांदी, 3 ग्राम सोना और घटना में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा बरामद की है। बरामद चांदी की बाजार कीमत करीब 44 लाख रुपये तथा सोने की कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। प्रेस विज्ञप्ति में कुल जप्त माल की कीमत करीब 44 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।
अक्षय छह बार जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय गुरूवे का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह पूर्व में चोरी के छह मामलों में जेल जा चुका है। वहीं महेन्द्र साहू और अनिकेत मेश्राम भी पहले चोरी एवं मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और इस वारदात में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के विरुद्ध अपराध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों को 19 अगस्त को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल केसीजी और थाना छुईखदान पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले का पर्दाफाश करते हुए चोरी गया अधिकांश महत्वपूर्ण माल बरामद करने में सफलता हासिल की।


