खैरागढ़. केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में खैरागढ़ में मंगलवार 16 जून को एक महत्वपूर्ण पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी केंद्र सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
यह पत्रकारवार्ता दोपहर 12 बजे जिला भाजपा कार्यालय, खैरागढ़ में आयोजित होगी। भाजपा जिला संगठन ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए परिवर्तन, विकास और सुशासन की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।
भाजपा नेताओं के अनुसार पत्रकारवार्ता का मुख्य विषय "12 साल : विकास, विश्वास और जनकल्याण – बढ़ता भारत, बदलता भारत" रखा गया है। इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा बीते 12 वर्षों में आधारभूत संरचना, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हितैषी योजनाओं तथा वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की जाएगी।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक पत्रकारवार्ता में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं के प्रभाव, विकास के आंकड़ों तथा आगामी विजन पर भी प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों के प्रश्नों का उत्तर देकर सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत संवाद किया जाएगा।
भाजपा जिला संगठन ने जिले के सभी पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं समाचार संस्थानों से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि यह संवाद केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के विकास और परिवर्तन की यात्रा को समझने का अवसर भी होगा।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित होने वाली इस पत्रकारवार्ता पर जिले की राजनीतिक और मीडिया जगत की निगाहें टिकी हुई हैं, जहां मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा।


