खैरागढ़. सकल जैन श्रीसंघ खैरागढ़ द्वारा रविवार 2 अगस्त 2026 को धार्मिक एवं शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे से 9 बजे तक बाफना भवन, खैरागढ़ में सामूहिक महामंत्र नवकार जाप से होगी। इसके पश्चात महावीर भवन में दोपहर 1 बजे श्री समरथ जैन धार्मिक परीक्षा बोर्ड की आगामी धार्मिक परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में स्वाध्यायी बंधुओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सहभागिता अपेक्षित है।
परीक्षा बोर्ड ने सभी जैन समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में परीक्षा में भाग लेने का आग्रह करते हुए कहा है कि धार्मिक अध्ययन एवं स्वाध्याय के माध्यम से ज्ञानवृद्धि, संस्कारों के संरक्षण और आध्यात्मिक विकास का यह एक महत्वपूर्ण अवसर है।
इस वर्ष विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सम्मान योजना भी प्रारंभ की गई है। योजना के तहत प्रत्येक कक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः ₹5,100, ₹3,100 एवं ₹2,100 की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। बोर्ड का विश्वास है कि यह पहल विद्यार्थियों को धार्मिक अध्ययन के प्रति और अधिक प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमानमल लुनावत, परीक्षा बोर्ड प्रभारी मनीषा लुनावत, सहप्रभारी कल्पेश बंब, राकेश मुथा तथा महाराष्ट्र शाखा के अध्यक्ष संतोष बेदमुथा ने सभी स्वाध्यायी बंधुओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे इस धार्मिक एवं ज्ञानवर्धक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसे सफल बनाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के अधिकाधिक विद्यार्थी इस अवसर का लाभ उठाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे तथा राष्ट्रीय सम्मान योजना के माध्यम से समाज का गौरव बढ़ाएंगे।


