खैरागढ़. आगामी नगरीय निकाय और विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ में अपने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में रविवार को खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश और लोकसभा स्तर के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा कर संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर मंथन किया।
पार्टी द्वारा 9 जून से प्रदेशभर की विधानसभाओं में संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला शुरू किया गया है। दिल्ली के पूर्व मंत्री, वर्तमान विधायक एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत के निर्देश पर प्रतिदिन दो महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना, संगठनात्मक समीक्षा करना तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को प्रभावी स्वरूप देना है।
खैरागढ़ में आयोजित बैठक में दिल्ली से पहुंचे प्रदेश सहप्रभारी समर कुमार, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष देवलाल नरेटी, प्रदेश महासचिव वदूद आलम, प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा, प्रदेश सचिव देविंदर सिंह भाटिया, लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी, खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव प्रभारी प्रफुल्ल बैश, किसान प्रकोष्ठ दुर्ग के जिला अध्यक्ष रूपेंद्र चंद्राकर तथा लोकसभा उपाध्यक्ष अशोक चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। नेताओं ने संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए सक्रिय रूप से जुटने का आह्वान किया।
बैठक में यह भी बताया गया कि प्रदेशभर में ज़ोन प्रभारी, सहप्रभारी, लोकसभा अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और विधानसभा प्रभारी कॉलिंग अभियान, छोटी बैठकों और व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से संगठन की उपस्थिति मजबूत कर रहे हैं। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष, संगठन मंत्री और जिला पदाधिकारी अपनी-अपनी विधानसभाओं में बैठकों की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
बैठक के दौरान खैरागढ़ नगर पालिका क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर भी गंभीर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने तथा जनहित के सवालों पर संघर्ष और समाधान की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता, जिला महासचिव श्याम मूर्ति नायडू, लोकसभा उपाध्यक्ष संतोष यादव, जिला सचिव जितेंद्र कुमार सोनी, मानपुर-मोहला प्रभारी चित्रा गुरुदेव, धनवंती मिश्रा, राजेश मारकंडे, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप जंघेल, भागवत मारकंडे, रामकुमार, तीजराम वर्मा, राजेश्वरी वर्मा, राजीव यादव, गुनेश्वर वर्मा, श्यामलाल, मनहरण वर्मा, भरथरी वर्मा, जगतारण कुर्रे और निलेश सोनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर सभी सदस्यों ने संगठन को और अधिक गतिशील, सक्रिय एवं मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में पार्टी को सशक्त विकल्प के रूप में स्थापित करने का सामूहिक संकल्प लिया।


