खैरागढ़. केसीजी पुलिस ने जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साल्हेवारा थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव स्थित कंसेला मंदिर के पास जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से छह जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14,160 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश की गड्डी जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंसेला मंदिर के पास जंगल में कुछ लोग रुपये का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही साल्हेवारा थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। पुलिस की दबिश के दौरान छह आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बालाराम झारिया (50) निवासी खादी, किशन झारिया (37) निवासी आमगांव, कमलेश झारिया (31) निवासी सहसपुर, मोहम्मद दिलदार खान (28) निवासी बहेरभाठा, घनश्याम पटेल (37) निवासी खादी तथा अमीर खान (27) निवासी रेंगाखार शामिल हैं। सभी आरोपी थाना साल्हेवारा क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के फड़ एवं कब्जे से कुल ₹14,160 नकद तथा 52 पत्ती ताश बरामद कर जब्त किया। मामले में अपराध क्रमांक 25/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।
केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त एवं निरंतर कार्रवाई की जाती रहेगी।


