खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाने की दिशा में जिला भाजपा द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में मंडल स्तरीय बैठक आयोजित करने के निर्णय के तहत खैरागढ़ मंडल की बैठक अमलीडीह कला में संपन्न हुई। बैठक में पिछले माह लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की गई।

बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और जनसंपर्क के बल पर लगातार विस्तार कर रहा है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, आमजन के बीच पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने तथा आगामी कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करते हुए विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों की प्रगति का आकलन किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि नियमित समीक्षा और सतत संवाद से संगठन को नई ऊर्जा मिलती है तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह मंडल स्तर पर बैठक आयोजित कर कार्यों की समीक्षा और आगामी रणनीति तय की जाएगी।

बैठक में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, शहर मंडल अध्यक्ष दिनेश वर्मा, शशांक ताम्रकार, आयश सिंह, ऋषभ सिंह, डोरेलाल साहू, नीलिमा गोस्वामी, गिरजा चंद्राकर, शैलेन्द्र मिश्रा, गोरेलाल वर्मा, कीर्ति वर्मा, मंजीत सिंह, हर्षवर्धन वर्मा, अनीश सिंह, नंद चंद्राकर, रूपेंद्र रजक, देवीन कोठले, अय्यूब सोलंकी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


