खैरागढ़. भीषण गर्मी के बीच विद्युत विभाग की लचर व्यवस्था से नगरवासी हलाकान हैं। शनिवार शाम हुई हल्की बारिश के बाद शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। बारिश रुकने के बाद भी करीब दो घंटे तक बिजली बंद रही, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। देर रात से लेकर रविवार सुबह तक बार-बार बिजली गुल होने से लोगों की नींद भी हराम हो गई।
नगरवासियों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम से पहले विद्युत विभाग द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद रखी जाती है। कई इलाकों में रोजाना कटौती कर लाइन सुधार और रखरखाव का दावा किया जाता है, लेकिन पहली ही बारिश में विभाग की तैयारियों की पोल खुल गई। लोगों का आरोप है कि विभाग केवल औपचारिकता निभा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर बिजली व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई ठोस काम नजर नहीं आ रहा।
शनिवार शाम हुई हल्की बारिश के बाद कई मोहल्लों में अचानक बिजली गुल हो गई। बारिश बंद होने के बाद भी लंबे समय तक सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। बिजली बंद होने से घरों में लगे कूलर और पंखे बंद पड़ गए, जिससे उमस और गर्मी से लोग बेहाल हो गए। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लोगों ने बताया कि रातभर बिजली की आंख-मिचौली जारी रही। कुछ देर बिजली आती तो फिर अचानक कट जाती। लगातार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान रहे। कई घरों में लोग रातभर जागने को मजबूर हो गए।
नगरवासियों ने विद्युत विभाग से बारिश के मौसम से पहले बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने, जर्जर लाइनों और उपकरणों की जांच कराने तथा बार-बार हो रही कटौती पर रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि अभी से यह हाल है, तो मानसून के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।


