खैरागढ़. खरीफ सीजन से पहले किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने जिले में सख्त अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को कृषि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम सिंघौरी में अवैध रूप से भंडारित करीब 600 बोरी उर्वरक जब्त किया। कार्रवाई के बाद संबंधित गोदाम को सीलबंद कर दिया गया है।
कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में कृषि आदान सामग्री की जांच और निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सहायक संचालक कृषि लुकमान साहू के नेतृत्व में टीम ने सिंघौरी गांव में मोतीपाल के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान गोदाम में सफेद प्लास्टिक बोरियों में भारी मात्रा में उर्वरक भंडारित मिला, लेकिन बोरियों पर किसी प्रकार का नाम, कंपनी, बैच नंबर या अन्य आवश्यक जानकारी अंकित नहीं थी।
प्राथमिक जांच में उर्वरक भंडारण को संदिग्ध मानते हुए विभागीय अधिकारियों ने मौके से नमूने एकत्र किए और नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की। टीम ने गोदाम को तत्काल सीलबंद कर दिया। विभाग के अनुसार बरामद उर्वरक की गुणवत्ता और वैधता की जांच प्रयोगशाला में कराई जाएगी।
कृषि विभाग ने उर्वरक नियंत्रण आदेश के उल्लंघन को गंभीर मामला मानते हुए संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि वे केवल पंजीकृत विक्रेताओं से ही खाद-बीज खरीदें और बिल अवश्य लें, ताकि किसी प्रकार की शिकायत होने पर कार्रवाई की जा सके।


