खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर सोमवार को कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान संगठन की मजबूती, आगामी कार्ययोजनाओं और डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण कार्यक्रम को बूथ स्तर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के स्वागत उद्बोधन में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित यह सम्मेलन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसकी ताकत उसकी राष्ट्रवादी विचारधारा और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को अपने इतिहास और उन महापुरुषों के त्याग व बलिदान को सदैव स्मरण रखना चाहिए, जिनके कारण आज देश सुरक्षित और मजबूत स्थिति में है। उन्होंने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना कर राष्ट्रवादी राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे सम्मेलन केवल जिला स्तर तक सीमित न रहकर बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएं। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है।
मुख्य वक्ता एवं प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अल्प समय में शून्य से शिखर तक पहुंचकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उन्होंने डॉ. मुखर्जी के संघर्ष, जनसंघ की स्थापना और धारा 370 के ऐतिहासिक संदर्भों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम का संचालन जिला भाजपा महामंत्री नवनीत जैन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. बिशेषर साहू ने किया। सम्मेलन में डॉ. बिशेषर साहू, शशांक ताम्रकार, टीके चंदेल, राजेश अग्रहरि, जैनेन्द्र जंघेल, दिनेश वर्मा, गोरेलाल वर्मा, आयश सिंह, भोज बंजारे, ललित सोनी, राकेश ठाकुर, हरप्रसाद वर्मा, आनंद पटेल, कृष्णा वर्मा, केशव चंदेल, आलोक श्रीवास, डोरेलाल वर्मा, भावेश कोचर, राजकुमार जंघेल, देवकुमार सेन, शैलेन्द्र त्रिपाठी, जीवन देवांगन, उमा चौबे, नीलिमा गोस्वामी, कीर्ति वर्मा, प्रीति यादव, दीनदयाल सिन्हा, परमानंद साहू, श्यामसुंदर साहू, ज्ञान यादव, लाला वर्मा, किरण गुप्ता, ज्योति जंघेल, अनुभा जैन, योगेंद्र कौशिक, लीलाराम साहू, आकेश बर्मन, युवराज पटेल, हर्षवर्धन वर्मा, भीखू हिरवानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





