खैरागढ़. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कालना विधानसभा क्षेत्र में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद खैरागढ़ में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह का भव्य सम्मान किया गया। केसीजी जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात कर जीत की खुशी साझा की।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विक्रांत सिंह को मिठाई खिलाकर और साफा पहनाकर सम्मानित किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने इस जीत को “भयमुक्त बंगाल” की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
गौरतलब है कि विक्रांत सिंह पिछले तीन महीनों से पश्चिम बंगाल के कालना विधानसभा क्षेत्र में प्रभारी के रूप में सक्रिय थे। उन्होंने लगातार जमीनी स्तर पर काम करते हुए संगठन को मजबूत किया और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू किया। उनकी इसी मेहनत का परिणाम इस महत्वपूर्ण जीत के रूप में सामने आया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भय और दबाव की राजनीति को नकारते हुए विकास, विश्वास और सुशासन के पक्ष में अपना समर्थन दिया है। उन्होंने इस जीत को जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम बताया।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, शशांक ताम्रकार, प्रकाश सिंह, मंजीत सिंह, ऋषि सिंह, चंदन गोस्वामी, हर्षवर्धन वर्मा, वंदना टांडेकर, नीलम राजपूत, चंदू वर्मा, अनुज देवांगन, संदीप वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी ने एकजुट होकर संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।



