खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” का शनिवार को खैरागढ़ के गोलबाजार स्थित बाफना भवन में गरिमामय वातावरण में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के उद्घाटन एवं प्रथम सत्र में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर दुर्ग संभाग भाजपा प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, प्रशिक्षण प्रभारी अजय राव, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य विक्रांत सिंह, घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू तथा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत और राज्यगीत के सामूहिक गायन के साथ प्रशिक्षण सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। आयोजन स्थल पर जिलेभर से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति देखने को मिली।

प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है और संगठन की वास्तविक ताकत उसके प्रशिक्षित, जागरूक एवं सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान उसकी विचारधारा और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता से होती है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की नीतियों, सिद्धांतों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की समग्र जानकारी होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि देश में जब भी कोई महत्वपूर्ण विषय सामने आता है, तब आम नागरिक भाजपा कार्यकर्ताओं से जानकारी और मार्गदर्शन की अपेक्षा करते हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे हर विषय पर तथ्यात्मक जानकारी रखें तथा संगठन की विचारधारा को मजबूती के साथ समाज तक पहुंचाएं।
उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए धारा 370 हटाने, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने जैसे निर्णयों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार वर्तमान में 200 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
अरुण साव ने छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में सरकार बनते ही किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस दिया गया। वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने जिला भाजपा द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और उसकी सराहना की।
प्रशिक्षण महाअभियान के द्वितीय सत्र में दुर्ग संभाग प्रभारी एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही तथा प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
जगन्नाथ पाणिग्रही ने भाजपा के इतिहास, विचारधारा और संगठनात्मक विकास पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य राष्ट्रहित और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने स्वतंत्रता काल से लेकर वर्तमान समय तक संगठन की यात्रा और विस्तार की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी।
कार्यक्रम में जिला भाजपा महामंत्री नवनीत जैन, शशांक ताम्रकार, आयश सिंह, अनिल अग्रवाल, वीरेंद्र जैन, श्यामपाल ताम्रकार, टी.के. चंदेल, आनंद सिन्हा, चंदन गोस्वामी, गिरजा चंद्राकर, उमा चौबे, नीलिमा गोस्वामी, देवीन बाई कोठले, विनय देवांगन, आलोक श्रीवास, दिनेश वर्मा, राजकुमार जंघेल, खम्हन ताम्रकार, ललित चोपड़ा, जैनेन्द्र जंघेल, ललित सोनी, शत्रुघ्न साहू, गोरेलाल वर्मा, वंदना तांडेकर, डोरेलाल साहू, श्यामसुंदर साहू, पन्ना मंडावी, दीना जंघेल, संदीप वैष्णव, नीलम राजपूत, किरण गुप्ता, जयप्रकाश साहू, प्रकाश सिंह, डॉ. चंदू वर्मा, अवध वर्मा, जंत्री साहू, अनुज देवांगन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


