खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक अभियान के तहत खैरागढ़ नगर पालिका क्षेत्र के आंबेडकर वार्ड स्थित बूथ क्रमांक 235 में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए प्रधानमंत्री के विचारों और संदेशों को सुना तथा उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मंजीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, जनसंवाद और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव, नवाचार, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण में आम नागरिकों की भूमिका को प्रेरणादायी ढंग से सामने लाता है।
कार्यक्रम में जिला भाजपा उपाध्यक्ष प्रकाश ठाकुर और जिला महामंत्री शशांक ताम्रकार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
कार्यक्रम के समापन के बाद बूथ स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रधानमंत्री के संदेशों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला प्रवक्ता विनय देवांगन और मंडल महामंत्री ऋषभ सिंह की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक वंदना टांडेकर, राजेश यादव, अनंत सिन्हा, बलराम सिंह, वासु पटेल, नीलम राजपूत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, वार्ड के गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और विकास योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।


