खैरागढ़. स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में खैरागढ़ विकासखंड की वनांचल ग्राम पंचायत देवरी में शनिवार को वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। ब्लॉक मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत देवरी में “हमारा संकल्प–स्वच्छ ग्राम, स्वस्थ ग्राम” अभियान के तहत ग्रामीणों ने श्रमदान कर स्वच्छता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।

अभियान के दौरान ग्राम पंचायत भवन, शासकीय स्कूल परिसर, आंगनबाड़ी केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, आयुर्वेदिक अस्पताल, देवरी बाजार चौक, मुख्य सड़कों के किनारे तथा अमृत सरोवर एवं श्मशान घाट तालाब परिसर में व्यापक साफ-सफाई की गई। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने मिलकर श्रमदान करते हुए स्वच्छ वातावरण निर्माण का संदेश दिया।

इस अवसर पर सरपंच गंगोत्री वर्मा ने कहा कि “स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। ग्राम पंचायत का प्रयास है कि देवरी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ ग्राम के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।”

ग्राम पंचायत सचिव नाज़नीन नियाज़ी ने कहा कि “स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। पंचायत द्वारा समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाएंगे ताकि स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े और ग्राम का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।”
अभियान में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकगण, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, सचिव, रोजगार सहायक, महिला समूहों, युवाओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने ग्राम को स्वच्छ रखने तथा नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों में भागीदारी का संकल्प भी लिया।


