खैरागढ़. विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर जिले में मानव सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनसहयोग की प्रेरणादायी मिसाल देखने को मिली। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के मार्गदर्शन में “रेडक्रॉस स्टीकर जनसहयोग अभियान” का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य समाज के सहयोग से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना तथा मानवीय सेवाओं को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाना है।

अभियान की शुरुआत जिला रेडक्रॉस शाखा के चेयरमैन एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने 5,100 रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर की। इसके बाद कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, राज्य प्रबंध मंडल सदस्य बिसेसर दास साहू, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन, शिक्षा विभाग से कमलेश्वर राजपूत, सुनील गुनी सहित रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहयोग राशि देकर अभियान को मजबूती प्रदान की।

रेडक्रॉस स्टीकर जनसहयोग अभियान को पहले ही दिन समाज से सकारात्मक प्रतिसाद मिला और कुल 8,800 रुपये की सहयोग राशि संग्रहित की गई। रेडक्रॉस सोसायटी ने बताया कि अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा तथा प्राप्त राशि का उपयोग जरूरतमंदों की सहायता, आपदा राहत कार्य, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मानवीय कार्यों में किया जाएगा।

इसी कड़ी में जिले के 35 स्कूली बच्चों एवं 7 प्रभारी शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित कुल 42 सदस्यीय दल को सुबह 7:30 बजे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से रायपुर के लिए रवाना किया गया। यह दल राज्य स्तरीय विश्व रेडक्रॉस दिवस कार्यक्रम में भाग लेकर प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन एवं सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेगा। विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
कलेक्ट्रेट सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में रेडक्रॉस के सेवा कार्यों, रक्तदान और सामाजिक सहयोग की भावना को लेकर चर्चा की गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से जिला रेडक्रॉस शाखा के हरिओम शर्मा एवं मलेरिया सुपरवाइजर विवेक मेश्राम की सक्रिय उपस्थिति रही।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि रेडक्रॉस समाज में मानवता और सेवा का सबसे बड़ा प्रतीक है। उन्होंने कहा, “जरूरतमंदों की सहायता के लिए समाज का आगे आना बेहद प्रेरणादायी है। जनसहयोग से ही सेवा कार्यों को मजबूती मिलती है और यही सामाजिक एकता की असली पहचान है।”
रेडक्रॉस सोसायटी ने जिले के नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें।


