खैरागढ़. आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला भाजपा कार्यालय में बुधवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत जिला कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें अभियान के आगामी छह कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ दिसंबर में होने वाले नगर पालिका चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को अभी से मैदान में जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यशाला में मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग के अध्यक्ष एवं भाजपा खैरागढ़ विधानसभा प्रभारी संदीप शर्मा ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्य को गंभीरता से किया जाना चाहिए। उन्होंने लोकतंत्र में बहुमत की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि बहुमत के आधार पर ही सरकार का गठन होता है। ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों को लेकर उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान सभी राजनीतिक दलों के एजेंट मौजूद रहते हैं और उन्हें प्रक्रिया की जानकारी दी जाती है। किसी तरह की त्रुटि होने पर मौके पर आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप
संदीप शर्मा ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सीबीआई जांच की मांग होने और जांच शुरू होने पर कांग्रेस जांच एजेंसी के भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाने लगती है। उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया पर उठाए जा रहे सवालों को भी अनुचित बताया। शर्मा ने आरोप लगाया कि विपक्ष भीड़तंत्र और अराजकता के माध्यम से लोकतंत्र का विरोध करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले आगामी छह कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।
सभी 20 वार्डों में प्रभारी नियुक्त
पूर्व संसदीय सचिव एवं नगर पालिका चुनाव प्रभारी लाभचंद बाफना ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नगर पालिका चुनाव के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने की अपील की। बाफना ने बताया कि वार्डों का आरक्षण हो चुका है और सभी 20 वार्डों के लिए प्रभारी एवं सह-प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं।
4 नवंबर से पहले बूथ गठन पूरा करने के निर्देश
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू ने स्वागत भाषण में कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिले में इस अभियान के संदर्भ में यह पहली बैठक है। दिसंबर में प्रस्तावित नगर पालिका चुनाव को देखते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से सक्रिय होकर चुनाव तक लगातार काम करने की अपील की। जिलाध्यक्ष ने निर्देश दिया कि 4 नवंबर को होने वाली प्रदेश भाजपा की बैठक से पहले सभी मंडल अध्यक्ष बूथ गठन की प्रक्रिया पूरी कर लें। साथ ही ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के बाद सरल ऐप पर फोटो अपलोड करने के निर्देश भी दिए।
वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यशाला का संचालन जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार ने किया। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने अभियान के प्रस्तावित छह कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर पालिका चुनाव की सह-प्रभारी किरण साहू, ओमप्रकाश जोशी, लोकेंद्र भट्ट, रमेश शर्मा, गिरजा चन्द्राकर, कीर्ति वर्मा, भावेश कोचर, राकेश ठाकुर, ललित चोपड़ा, सूर्यदमन सिंह, बलराम जंघेल, संतन् साहू, राजू जंघेल, श्यामसुंदर साहू, पंकज जैन, रूपेंद्र रजक, मोना सिंह, गिरवर पटेल, नंद चन्द्राकर, प्रकाश जंघेल, जैनेन्द्र जंघेल, नरेश कुर्रे, नरेंद्र श्रीवास, अजय जैन, आनंद पटेल, गोरेलाल वर्मा, भोज बंजारे, पन्ना मंडावी, संजय मनहरे, शैलेन्द्र मिश्रा, महेश गिरी, अयूब सोलंकी, किरण गुप्ता, विनय देवांगन, शैलेन्द्र त्रिपाठी, विकेश गुप्ता, चन्दन गिरी, मनजीत सिंह ठाकुर और नरेंद्र सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


